⚡ परमार्थ ही है असली सुरक्षा ⚡

आज का बैंकिंग जगत एक अजीब मोड़ पर खड़ा है। स्वार्थपरता की आँधी इतनी प्रचंड हो चुकी है कि हर कोई अपने आज के छोटे-से लाभ और तात्कालिक सुख के पीछे अंधा दौड़ रहा है। ना परिणाम की चिंता, न भविष्य की चिंता, न समाज की पीड़ा, न संस्थान की स्थिरता! यह मानसिकता केवल संकुचित ही नहीं, बल्कि आत्मघाती भी है।

याद रखिए — स्वार्थ में डूबी हुई चाटुकारिता से भले ही थोड़ी देर के लिए कुछ लाभ मिल जाए, पर वह रेत के महल की तरह क्षणभर में ढह जाता है। असली सुरक्षा उस लाभ में नहीं, बल्कि परमार्थ में है। जब हम दूसरों के हित को अपना हित मानते हैं, जब हम संगठन की मजबूती को अपनी जिम्मेदारी समझते हैं, तभी हमारी नींव सुरक्षित होती है।

बैंक केवल लेन-देन का स्थान नहीं, यह हम सभी बैंकरों का दूसरा घर भी है। हम सब इसी कड़ी के अभिन्न हिस्से हैं। यदि माहौल बिगड़ता है तो कष्ट केवल किसी को नहीं, बल्कि हम सबका होता है। आज अगर कोई कहे कि उसे प्रत्यक्ष नुकसान नहीं है, तो यह सोचना उसकी भूल है। चारों तरफ़ जो भयंकर परिस्थितियाँ जन्म ले रही हैं, उनका कुचक्र किसी भी क्षण उसे अपनी गिरफ्त में ले सकता है।

सच्चा बुद्धिमान वही है, जो समय रहते सजग हो जाए, व्यक्तिगत स्वार्थ की सीमा से बाहर निकले और सामूहिक हित को भी अपना ही हित माने। जो सोचते हैं कि “जब बारी आएगी तब देखा जाएगा”, वे समय से हार जाते हैं। जागरूकता, सजगता और सामूहिक चेतना ही सुरक्षा का वास्तविक कवच है।

आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें —

  • परमार्थ ही हमारा मार्ग है।
  • सामूहिक स्वार्थ ही हमारा व्यक्तिगत स्वार्थ है।
  • संगठन की मजबूती ही हमारी सुरक्षा है।

क्योंकि स्वार्थ से क्षणिक लाभ मिलता है, परमार्थ से शाश्वत सुरक्षा।

Leave a Reply

Translate »

Discover more from उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक वर्कर्स ऑर्गनाइजेशन (BMS)

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading