मधुमक्खी से सीखें उद्देश्यपूर्ण कर्म

नेतृत्व

उसका संपूर्ण जीवन उसके समूह, यानी छत्ते की सेवा में समर्पित होता है

मधुमक्खी आकार में भले ही छोटी हो, परंतु धरती पर जीवन को संजोने में उसका योगदान अपार है। भारतीय शास्त्रों में मधुमक्खी को एकाग्रता, परिश्रम और सहयोग का प्रतीक माना गया है- ये ऐसे नेतृत्व के गुण हैं जो आकार या शक्ति से नहीं, बल्कि दृष्टिकोण और सेवा-भाव से परिभाषित होते हैं।

स्वार्थ से परे उद्देश्य :

मधुमक्खी का संपूर्ण जीवन उसके समूह, यानि छत्ते की सेवा में समर्पित होता है, न कि व्यक्तिगत लाभ में। ठीक वैसे ही, अच्छे लीडर व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर अपने कर्म को दल और समाज के कल्याण से जोड़ते हैं।

सहयोग के माध्यम से नेतृत्व

अकेली मधुमक्खी न तो छत्ता बना सकती है, न जीवन को संजो सकती है। उसकी सफलता सामूहिक उत्तरदायित्व में निहित है। श्रेष्ठ नेतृत्व भी यही सिद्धांत अपनाता है, जिसमें आदेश देने से अधिक, ऐसा वातावरण का निर्माण सम्मिलित है जहां सहयोग स्वाभाविक रूप से पनपे।

एकाग्रता और सटीकता

एक मधुमक्खी दूर-दूर तक उड़ान भरती है, किंतु उसका ध्यान केवल मधु पर रहता है। वह अन्य किसी आकर्षण में नहीं फंसती। नेतृत्व में भी यही क्षमता आवश्यक है, ताकि नेतृत्वकर्ता जान सके कि क्या आवश्यक है और क्या मात्र विकर्षण।

योगदान में विनम्रता

अपनी व्यापक पारिस्थितिक भूमिका के बावजूद मधुमक्खी निःशब्द और अनाम रहकर कार्य करती है। सच्चा नेतृत्व प्रशंसा की चाह में नहीं, प्रभाव में विश्वास रखता है। जो लीडर चुपचाप दूसरों के लिए सफलता के अवसर गढ़ते हैं, वे ही सबसे मजबूत संगठन और समाज रचते हैं।

मधुमक्खी हमें सिखाती है कि नेतृत्व वर्चस्व का नहीं, बल्कि सामूहिक उद्देश्य के प्रति समर्पण, एकाग्र कर्म, विनम्र योगदान और जीवन के साथ सामंजस्य का नाम है।

“कर्मणैव हि संसिद्धिमास्थिता जनकादयः, लोकसंग्रहमेवापि सम्पश्यन्कर्तुमर्हसि”


अर्थात् अपने नियत कर्तव्यों का पालन करते हुए ही अच्छे लीडरों ने सफलता प्राप्त की है; और हमें भी लोकसंग्रह के लिए ही कार्य करना चाहिए। जो नेतृत्व सामूहिक कल्याण में निहित हो, वही स्थायी विरासत स्थापित करता है, जैसे मधुमक्खियाँ अपने जाने के बाद भी वनों को जीवंत रखती हैं।

आभार : प्रो. हिमांशु राय

Leave a Reply

Translate »

Discover more from उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक वर्कर्स ऑर्गनाइजेशन (BMS)

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading